बुधवार, 21 नवंबर 2018


विस्मृति के ख़िलाफ़ एक लम्बा जंग लड़ने की ज़रूरत 

विस्मृति के ख़िलाफ़ एक लम्बा जंग लड़ने की ज़रूरत है, ख़ास के जब ऐसा जंग साहित्य में लड़ने की हो | हमारा उत्तर भारतीय समाज अपने साहित्यकारों और संस्कृतिकर्मियों को याद रखने की जोहमत बहुत कम उठता है | हमारे  समय के महँ कवि  कवि रघुवीर सहाय को अब उनके जन्मदिन पर भी लोग याद नहीं करते जबकि उनको मरे केवल अठ्ठाइस वर्ष ही हुए | उनके जैसे कवि को दिसंबर महीने में हर साल शहर शहर याद किया जाना चाहिए | रघवीर सहाय का जन्म नौ दिसंबर, १९३१  लखनऊ शहर में हुआ इसलिए वे लखनऊ के हैं, फिर दिल्ली आ गए और इसी दिल्ली में तीस दिसंबर, १९९० को उनका देहावसान हुआ | लखनऊ और दिल्ली शहर कम से कम उन्हें याद करें लेकिन नहीं, हम घनघोर रूप से  समकालीनता से घिर गए हैं और आत्मुग्धता से भी, ऐसे में अगर कोई किसी को याद करता है तो वह उसका बड़ा काम दिखने लगता है |    स्वर्गीय जगदीश चंद्र माथुर का  यह जन्मशती वर्ष है जो चुपचाप उनको याद किये बगैर निकालता चला जा रहा है | एक समाज के  रूप में यह भी हमारी साहित्यिक और  सांस्कृतिक दरिद्रता की निशानी है | अगर उनके  जीवन वृत्त पर एक नज़र हम डालें तो पाएंगे कि उनका जन्म १७ जुलाई, १९१७ के दिन उत्तर प्रदेश के खुरजके शाहजहांपुर में हुआ था, तो इस तरह से उनकी जन्मशती मनाने के सबसे पहला दायित्व उत्तर प्रदेश सरकार की है लेकिन वर्तमान सरकार को मंदिर , मूर्ति और प्रतिमाओं से फुर्सत कहाँ है| एक आदमकद मूर्ति के हकदार माथुर जी भी हैं, अगर उनके साहित्यिक-सांस्कृतिक अवदान को गंभीरता से लिया जाए | १९४१ में आई सी एस की परीक्षा पास कर सिविल सेवा में आ चुके थे और अपने प्रशासनिक जीवन का अधिकांश हिस्सा बिहार में बिताया| १९४९ से १९५५ तक क़रीब छह साल बिहार के शिक्षा सचिव रहे, और नाम के शिक्षा सचिव नहीं रहे बल्कि बिहार के साहित्यिक-सांस्कृतिक उत्थान के लिए कई साहित्यिक- सांस्कृतिक  संस्थाओं के जन्मदाता रहे, उनकी जन्मशती मनाने की कोशिश बिहार सरकार को भी करनी चाहिए थी | बिहार सरकार उत्तर प्रदेश की सरकार से थोड़ा हट के तो  है ही | क़ाबिलेगौर  बात यह है कि माथुरजी आकाशवाणी छह साल महानिदेशक भी रहे और कहते हैं कि ऑल इंडिया रेडियो को आकाशवाणी का नाम उन्होंने ने ही दिया था, उनकी जन्मशती मनाने की एक जिम्मेवारी  सरकार की भी है और कम से कम उनकी एक आदमकद प्रतिमा दिल्ली के आकाशवाणी परिसर में लगनी ही चाहिए लेकिन यह भी ग़ौरतलब है कि उनकी प्रतिमा लगाने या जन्मशती मनाने से सरकारों को कोई राजनितिक लाभ तो मिलाना नहीं है क्योंकि उत्तर भारतीय लोग अपने साहित्यकारों को चाहते ही कितना है | मुझे नहीं पता कि आकाशवाणी ने  उन्हें इस जन्मशती वर्ष में याद किया कि नहीं !    माथुर जी को इस साल शिद्दत से याद किया अनभै साँचा नाम की एक  अनियतकालीन साहित्यिक पत्रिका ने पूरी नीयत और लगन से | 

अनभै साँचा दिल्ली से निकलने वाली साहित्यिक और सांस्कृतिक  पत्रिका है | इसके संपादक की कोशिश रहती है की इसका अंक बिना नागा तीन महीने पर निकल जाए लेकिन संसाधन की कमी अक्सर इसे अनियतकालीन पत्रिका बना देती है | इसके संपादक द्वारिका प्रसाद चारुमित्र  हैं जो दिल्ली विश्वविद्यालय में हिंदी भाषा और साहित्य के प्राध्यापक पद से अवकाशप्राप्त हैं | दिल्ली में रहते हैं और जिद्द पर अड़े रहते हैं कि पत्रिका निकालनी ही है |  इस काम में दिल्ली विश्वविद्यालय के कई युवा प्राध्यापक उनको सहयोग करते हैं जैसे कि विक्रम सिंह, बली सिंह, मनोज कुमार सिंह इत्यादि| ये लोग दिल्ली विश्वविद्यालय के विभिन्न महाविद्यालयों में प्राध्यापन का कार्य करते हैं  |  चारुमित्र ने अपने अनथक प्रयास और परिश्रम से कई संग्रहणीय अंक निकाले हैं  | शमशेर बहादुर सिंह  के जन्मशती वर्ष में उनपर केंद्रित अनभै साँचा का विशेषांक संग्रहणीय है | यह अक्टूबर-दिसंबर, 2011 का अंक  है | अनभै साँचा का जुलाई-दिसंबर, 2016 का अंक प्रख्यात आलोचक डॉ विश्वनाथ त्रिपाठी पर केंद्रित है | ऐसे ही संग्रहणीय अंकों की कड़ी में चारुमित्र ने अनभै साँचा के जनवरी-जून, 2018 अंक को स्वर्गीय जगदीश चंद्र माथुर पर केंद्रित किया है | माथुर जी का यह जन्मशती वर्ष है लेकिन भाषा और साहित्य में उनके अवदान को याद करने की फूर्सत इस बृहत्तर हिंदी समाज को नहीं मिली | माथुर जी को याद करने का काम अकेले अभी तक अनभै साँचा ने किया है 168 पृष्ठों का उन पर केंद्रित अंक निकाल कर |

माथुर जी की ख्याति एक सफल नाटककार की रही है | वे बड़े नाटककार तो थे ही, एक बड़े रंगचिंतक और नात्यालोचक भी थे | ध्यान देने की बात यह भी है कि वे एक कुशल प्रसाशक और संस्था-निर्माणक भी थे | बिहार में शिक्षा-सचिव रहे और अपने कार्य-काल के दौरान वैशाली-महोत्सव, बिहार राष्ट्र-भाषा परिषद्, प्राकृत जैन-शास्त्र, अहिंसा शोध संस्थान, काशीप्रसाद जायसवाल शोध संस्थान, मिथिला-संस्कृत शोध संस्थान, अरबी- फ़ारसी  शोध संस्थान , नेतरहाट विद्यालय सरीखे संस्थानों का निर्माण करवाया | वैशाली महोत्सव का उन्होंने अपने एक लेख में विशेष रूप से जिक्र किया है |  वे लिखते है कि वैशाली प्रजातंत्र की न्याय व्यवस्था बहुत सिलसिलेवार और सुंदर थी | बौद्धों के सुप्रसिद्ध धर्मग्रंथ 'दीध निकाय ' के हवाले से वे बतलाते हैं कि वैशाली के प्रजातंत्री काज्जिगण बार-बार अपनी सभाएं करते हैं , सभाओं में मिलकर बहुमत से निर्णय लेते हैं; एक राय से काम, करते हैं, उठते-बैठते हैं ; वैशाली के नियमों और विधान के विरुद्ध काम नहीं करते; अपने बड़े-बूढ़ों का सम्मान करते, और उनकी बात पर कान देते हैं ;स्त्री और कन्याओं पर अत्याचार और ज़बरदस्ती नहीं करते ; जातीय मंदिरों की देख-रेख करते हैं और धर्माचार्यों के सुभीते का ध्यान रखते हैं | ये सातों सिद्धांत  सरकारों के लिए मार्ग-दर्शक हैं एक धर्म-निरपेक्ष सर्व-धर्म हिताय लोक-कल्याणकारी सरकार चलाने के लिए लेकिन तीनों सरकारें 'दीध निकाय ' के केवल जातीय मंदिरों की देख-रेख और  धर्माचार्यों के सुभीते का ध्यान ही रख रहे हैं | वैशाली की शक्ति के मूल-मंत्र थे ये सातों सिद्धांत  | कह सकते हैं की किसी भी लोकतंत्र की नींव इन्हीं  आधारित हैं | वे लिखते हैं कि इन आदर्शों की स्मृति को पुनर्जागरत करने और सामूहिक आमोद-प्रमोद के वातावरण को स्थापित करने के विचार से ही, सन १९४५ से प्रति वर्ष जनसाधारण का एक महोत्सव, वैशाली महोत्सव के नाम से वैशाली के खण्डहरों के पास ही मनाया जाता है |     वर्ष 1955 में आकाशवाणी के महानिदेशक बने तो आकाशवाणी को भारतीय संस्कृति के सच्चे वाहक का रूप दिया | कहते हैं आल इंडिया रेडियो को आकाशवाणी का नाम उन्हीं का दिया हुआ है | इस पत्रिका के संपादक के शब्दों में कहें तो कहना होगा, " अनभै साँचा का यह अंक जगदीश चंद्र माथुर जैसे महत्त्वपूर्ण सर्जक और संस्कृतकर्मी के उचित मूल्यांकन का मार्ग प्रशस्त करेगा | "

अनभै साँचा के इस अंक में जगदीश चंद्र माथुर पर अनेक ऐसे आलेख हैं जो उनके नाट्यकर्म पर समुचित प्रकाश डालते हैं | प्रसिद्ध रंग-निर्देशक देवेंद्र राज अंकुर के आलेख 'कोणार्क : आज़ादी के बाद का पहला रंगमंचीय नाटक ' में माथुर जी के नाटक कोणार्क के रोमांचक  प्रस्तुतियों का एक सरस इतिहास है | अपने समय के सच को अभिव्यक्त करने के लिए माथुर जी ने मध्यकालीन इतिहास से रूपक उठाया | देवेंद्र राज अंकुर अपने लेख में लिखते हैं, "शायद इसीलिए रचनाकार बार-बार इन स्त्रोतों की ओर लौटते हैं, क्योंकि यहां पहले से कथा का एक प्रचलित एवं  प्रचारित रूप उपस्थित है | अतः उसके लिए यह सुविधा हो जाती है कि वह उसमें से क्या नया खोज कर लाए कि वह उसे अपने समय की आहटों, पदचापों एवं प्रतिध्वनियों से तो जोड़ ही सके, साथ-साथ अपने शाश्वतपन के कारण  हर युग में उसकी सार्थकता बानी रहे | " शाश्वतपन की सार्थकता माथुर जी के 'कोणार्क ' में  देखी  जा सकती है | देवेंद्र राज अंकुर आगे लिखते हैं, " मेरे विचार में नाटक में संवादों का साहित्यिक होना या ना होना उतना मायने नहीं रखता, जितनी यह अपेक्षा या संभावना कि वे अपने भीतर में कितने नए बिम्ब और कितने नए अर्थ व्यंजित कर रहे हैं | इस लिहाज से कोणार्क के संवाद सफल नाटकीय संवाद हैं | " अंकुर जी के शब्दों में हिंदी रंगमंच में एक नयी शैली की खोज और पूरी तरह से भारतीय यथार्थवाद की प्रस्तुतिपरक अवधारणाओं एवं संभावनाओं के प्रतीक रूप में 'कोणार्क ' का महत्त्व सदैव अक्षुण्ण रहेगा | 
रंग आलोचक प्रताप सहगल जगदीश चंद्र माथुर  को आज़ादी के बाद हिंदी नाटक एवं रंगमंच के अग्रदूत मानते हैं | जगदीश चंद्र माथुर हिंदी नाटक और रंगमंच के क्षेत्र में उस समय प्रवेश करते हैं, जब हिंदी रंगमंच एकदम निष्क्रिय था | उनकी इसी पहल के कारण माना जा सकता है कि 'आधुनिक रंगमंच के जनक भारतेन्दु के बाद फिर एक नयी शुरुआत करने वाले जगदीश चंद्र माथुर ही थे | ' नाटक लिखते हुए वे दृश्य विधान और रंगमंच के स्वरुप आदि की परिकल्पना भी करते चलते थे | डॉ विक्रम सिंह मानते हैं कि जगदीश चंद्र माथुर ने नवीन  नाट्य-चेतना तथा सृजनात्मक रंग-दृष्टि से हिंदी नाट्य साहित्य को समृद्ध बनाने में योगदान दिया है |    इस अंक में बहुत कुछ पठनीय है | विख्यात  कवि स्वर्गीय  शमशेर बहादुर सिंह की स्वर्गीय जगदीश  चंद माथुर पर लिखी एक कविता है | माथुर जी पर लिखा अमृत लाल नागर का लिखा एक लेख है | अमृत लाल नगर लिखते है कि कोणार्क एक पत्रिका में प्रकाशित हुआ था तभी से उसकी धूम मच गयी थी |       

शनिवार, 13 अक्टूबर 2018




कविता पढ़ने की विधा है या बोलने की 


कविता पढ़ने की विधा है या बोलने की | जब छपने की सुविधा नहीं थी तब कविता बोल कर पढ़ी जाती थी और याद रखी जाती थी | पीढ़ी दर  पीढ़ी कविता को स्मृतियों के सहारे बचायी गयी | विडंबना देखिए की छपाई की बेहतर सुविधा के साथ-साथ कविता को पढ़ने की विधा बना देने की कोशिश हुई है और इस कोशिश में रचनाकार सफल भी हो गए हैं | कविता लिखी गई, पत्र-पत्रिकाओं में और पुस्तक रूप में छाप गयी और लोगों को पढ़ने के लिए पाठक को कविता परोस दी गयी | लेकिन कविता का सौंदर्य दरअसल निखरता है जब वह बोल कर पढ़ी जाती है | कविता लिखते समय कवि के संवेदना में जितनी कविता-सामग्री होती है वह सब के सब लिखित कविता में अभिव्यंजित हो नहीं पाती | कवि के भीतर के क्रन्दन उल्लास भावनाएं भाव-भंगिमाएं भाषा में अभिव्यक्त होने से वंचित रह जाते हैं | कई प्रकार की ध्वनियां और उद्वेग , मौन, दो शब्दों के बीच की  खली जगह कवि अपने पाठ से  भरता है | कविता के सारे अवयव कवि की बोल कर पढ़ी गयी कविता में उभरती है जब वह सचमुच कविता ठीक से पढ़ना जानता है | कविता पढ़ने की कला तब निखरती जब एक कवि को कविता पढ़ने के बहुत सारे अवसर मिलते हैं | कविता पढ़ते-पढ़ते वह अपनी छंदमुक्त कविता के भीतर के लय और छंद को पकड़ पाता है, दो शब्दों के बीच के मौन को पकड़ पाता है | अपनी सांस के उतार-चढ़ाव को साध पाता है | कविता पढ़ना एक साधना है जिसका कहीं विधिवत प्रशिक्षण नहीं दिया जाता है जैसे संस्कृत वैदिक श्लोकों के उच्चारण का प्रशिक्षण दिया जाता है | कविता को कवि को खुद साधना पड़ता है जिसके लिए जरूरी है कि उसे कविता पढ़ने का अवसर बार-बार मिले | ऐसे अवसर साहित्य अकादेमी, हिंदी अकादेमी, रजा फाउंडेशन या ज्ञानपीठ सरीखे संस्थान नहीं दे सकते | ऐसे अवसर खुद के प्रयास से ही मिल सकते हैं | कविओं के समूह लिखावट लगातार कविता पाठ के ऐसे अवसर की तलाश कर रहा है और अपने से जुड़े मित्र कवियों को कविता-पाठ  का अवसर दे रहा है | इसके बड़े कविता-अभियानों में कैंपस में कविता है जहाँ कवि आ रहे है और कविता पढ़ रहे हैं | लिखावट ने देशबंधु, आत्माराम सनातनधर्म, राजधानी महाविद्यालयों में और दिल्ली विश्वविद्यालय के दक्षिण परिसर में एक के बाद एक कविता-पाठ आयोजित किया है और अन्य महाविद्यालयों में ऐसे काव्य-पाठ आयोजित करेगा | लोगों के बीच जाकर कविता पढ़ने का आनंद ही अलग है | कई कवि बार बार कविता पढ़ रहे है नतीजतन उनके वाचन में अप्रत्याशित अंतर महसूस किया गया है | देशबंधु महाविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर और कवि और आलोचक मनोज कुमार सिंह के कविता वाचन  में जो निखार आया है  उससे इस बात की पुष्टि होती है कि वाचन कितना ज़रूरी है | आज के अनेक चर्चित युवा कविओं के वाचन भयानक रूप से दोषपूर्ण हैं |  

सोमवार, 8 अक्टूबर 2018

दो कविताएं -मिथिलेश श्रीवास्तव 
बुरा  मानूंगा   

उसने  मान लिया था कि किसी की बात का बुरा नहीं मानूंगा 
यह देश इतना बेगाना है कि उसके  मन को चोट पहुंचाए बिना 
कभी कोई बात करता नहीं तो बुरा क्या मानना 
उसने  अपने आप को संत मान लिया था 
संत! एकबारगी हंसी आयी उसे  अपने आप पर 
लोगों  की बातें  बुरी तो लगती रही हैं 
बुरी लगने की बात मन में दबाए अपने आप को छल रहा था
मन बहलाने की ख़ातिर कभी किसी को दोस्त कह दिया 
कभी कह दिया चलो माफ़ किया 
ख़राब सपने की मानिंद भुलाने की कोशिश करता रहा 
छल का जवाब छल से नहीं दिया जाता वह मन को समझाता रहा 
भई मन तो मन है कब तक समझता रहेगा 
एक दिन विद्रोह होना ही था 
उसने आकाश की ओर हाथ उठाया और चिल्लाया सड़क साफ़ करो 
गली को धो डालो मलबे को उठाकर कहीं फेंक आओ  
उन लोगों का   क्या करोगे  जो रात दिन फेंके हुए मलबे को 
अपने दिमाग में भर कर दुनिया को अपनी उंगली पर नचाने लगते हैं

उनका दोष नहीं  

उनका दोष नहीं वे चाहते थे कि जहां जो हो रहा है 
उसकी ख़बर उनको भेजूं ताकि समय रहते वे कोई ठोस कदम उठा सकें 
मैंने लिखा यहां अंधेरा बहुत है उन्होंने पूछा लिखते समय घडी क्या बजा रही है 
कलाई पर बंधी घड़ी मैंने देखी और कहा रात के आठ बजे हैं 
वे हंसे और बोले रात के आठ बजे अँधेरा नहीं होगा तो क्या उजाला होगा 
जाओ किसी उजाले वाले इलाके में और सुबह होने का इंतजार करो 
उजाले वाले इलाके ढूढ़ते ढूढ़ते भोर हो गयी 
मैंने लिखा भोर हो गयी है और शहर के एक इलाके में इक्कट्ठे होकर लोग नौकरी मांग रहे हैं 
वे फिर हंसे और बोले उनसे जा कर कहो अभी भोर नहीं हुई है, जाकर सो जाएं 
मैंने पूछा मैं क्या बोलूं अगर वे पूछते हैं उठने का समय 
वे हंसे और बोले कहो कि वे लोग हैं उनका उठना पांच साल पर मुनासिब होगा  

शनिवार, 6 अक्टूबर 2018

परिचित आवाज़ें



परिचित आवाज़ें

फाउंडेशन ऑफ़ सार्क राइटर्स & लिटरेचर (फोसवाल ) का इन दिनों साउथ एशियाई लिटरेचर फेस्टिवल नई दिल्ली में चल रहा है | उद्घाटन 4 अक्टूबर 2018 को साहित्य अकादेमी के अध्यक्ष प्रोफेसर चंद्रशेखर कम्बार ने इंडिया इंटरनेशनल सेंटर के कमलादेवी काम्प्लेक्स में किया | इस अवसर पर प्रोफेसर आशीष नन्दी , मुचकुन्द दुबे, अफ़ग़ानिस्तान, बांग्लादेश, भुटान, नेपाल, और श्रीलंका के भारत में राजदूत /उच्चायुक्त उपस्थित थे | लगभग 200 कवि, लेखक और विभिन्न विषयों के विद्वान इन देशों से आ चुके हैं और फेस्टिवल के विभिन्न सत्रों में अपनी-अपनी रचनाओं का पाठ कर रहे हैं | दूसरे, तीसरे और चौथे दिन अर्थात 5, 6 और 7 अक्टूबर, 2018 को कार्यक्रम अकादेमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड लिटरेचर के परिसर ४/६, सीरी फोर्ट इन्टीटूशनल एरिया, नई दिल्ली में संपन्न हो रहा है | अपने स्वागत भाषण में फोसवाल की अध्यक्षा अजीत कौर ने वाज़िब ही कहा कि " दक्षिण एशिया के लोग आपस में बहुत ही मज़बूती से जुड़े हुए हैं , हमारी परंपराएं, हमारे तीज-त्यौहार, लोक-ज्ञान की पद्धति और लोक-गीतों इत्यादि में काफी कुछ साझा है |" सच है कि सीमाएं, सरहदें और सरकारें हमें एक-दूसरे से अलग-थलग नहीं कर सकतीं | हम लेखकों और कवियों को अपनी साझी विरासत की पहचान हमेंशा करते रहना चाहिए|
याद रखें, रविवार (7 अक्टूबर, 2018 ) को चौदहवें सत्र (12.10 बजे से ) की अध्यक्षता मैं करूँगा जिसमें मेरे सहित नौ कवि अपनी कविताओं का पाठ करेंगे - तीन कवि बांग्लादेश से और ६ छह कवि अपने देश की विभिन्न भाषाओँ से | आने की कोशिश करिए | इस सत्र में मुझे यह लाभ होगा कि हिंदी भाषा शायद सभी शिरकत करने वाले कवियों द्वारा समझी जाएगी | फिर भी जैसा कि अजित कौर जी का सुझाव था कि सभी लोग पढ़ी जाने वाली रचनाओं का अंग्रेजी अनुवाद ज़रूर ले आएं तो इस शर्त की वज़ह से मुझे उन कविताओं का चुनाव पहले ही कर लेना पड़ा है जिनका कल मैं पाठ करूंगा | इस काम को मेरे कवि मित्र संजीव कौशल ने आसान कर दिया| संजीव कौशल एक बेहद ज़हीन व्यक्ति हैं और मित्रता को अहमियत देते हैं | वे दिल्ली विश्वविद्यालय के एक कॉलेज में अंग्रेजी भाषा और साहित्य पढ़ाते हैं और कई हिंदी साहित्यकारों की रचनाओं का अनुवाद अंग्रेजी में किया है | मैंने उनसे अनुरोध किया कि वे मेरी कविताओं का अनुवाद इस अवसर के लिए कर दें | उन्होंने मेरे आग्रह पर खुद ही मेरे पहले कविता-संग्रह " किसी उम्मीद की तरह " में से दो कविताएं चुन कर उनका अंग्रेजी में अनुवाद कर दिया है | मेरी इन कविताओं को मेरे संग्रह में पढ़ सकते हैं | यह संग्रह पंचकुला के आधार प्रकाशन ने छापा है | मैं यहाँ संजीव कौशल के द्वारा अंग्रेजी में अनूदित कविताएं दे रहा हूँ:
Familiar Sounds ( परिचित आवाज़ें )
Sounds that are familiar frighten
Lightning surrounded by clouds frighten
Closing of a door on second floor
Shakes my apartment on the first
Sound of the ball of a playing child
Almost frightens the lower floor
Sound of running footsteps
Incites fear every night
Of door being knocked at
Sound from second to the first floor
Seems coming from a distance
There is a mother growing old somewhere in the distance
An unemployed brother who reaches home late
Sometimes doesn't return at all
Slips into bed when returns
Avoids dreaming and babbling in sleep
There is a sound of these as well.
.
Bonsai (बोंसाई )
We have learnt many arts
In modern times
Bonsai is one of them
The Earth is placed in a flower pot
Trees whose roots run deep
Gather these roots within pots
The size of a banyan tree
Is shrinking like humans
This art is not applicable
On man
Man has no roots
His size shrinks easily
Man shows no signs of protest against shrinking
This art has developed even further
Man can reduce
Anybody's size
Gathered roots and branches
Spread within a banyan tree
It appears huge even in a pot
Man is fascinated
But bonsai laughs
इधर हमने अनेक जगहों पर कविता पाठ किया है | 17 सितम्बर , 2018 - देशबंधु महाविद्यालय में लिखावट के कैंपस में कविता ; 26 सितम्बर , 2018 -आत्मा राम सनधान धर्म महाविद्यालय में लिखावट के कैंपस में कविता ; 29 सितम्बर , 2018 - डॉयलाग में कविता-पाठ ; 5 अक्टूबर , 2018 - राजधानी महाविद्यालय में लिखावट के कैंपस में कविता ; 7 अक्टूबर , 2018 को साउथ एशियाई लिटरेचर फेस्टिवल में कविता-पाठ होगा
  

शनिवार, 13 जुलाई 2013

इतनी सारी हत्याएं

मिथिलेश श्रीवास्तव

पाब्लो नेरुदा की हत्या हुई थी । उनके मरने के चार दसक अर्थात चालीस बरसों के बाद जांच शुरू हो चुकी है ।। तब कहा गया था कि उनकी मृत्यु कैंसर से हुई थी । चिली के तब के तानाशाह अगस्तो पिनोचेट के आदेश पर यह हत्या हुई थी, ऐसा संदेह है । चिली जहाँ के नेरुदा थे, के बारे में कहा जता है कि वहाँ के लोग अपने आदर्श पुरुषों का आदर नहीं करते और उनकी टांग खिचाई करते हैं । भारत के लोगों खास कर के हिंदी वालों का स्वाभाव चिलीवासियों से हु-ब -हु मिलता  है ।  वे भी अपने आदर्श पुरुषों मसलन लेखकों, कविओं, कलाकारों के साथ चिलीवासिओं की तरह ही पेश आते हैं । एक अच्छा लिखता है तो दूसरा जल उठता है । एक को पुरस्कार मिलता है तो दूसरा सीने पर हाथ रखकर आल इज वेल कहने लगता है । पाब्लो नेरुदा की हत्या की जांच तो हो रही है , चालीस बरसों बाद ही सही । यहाँ रोज़ हत्याएं होती हैं , हत्या की कोशिश होती है और मज़ाल की कोई चू तक करे । 

मिसाल के तौर पर अज्ञेय  की हत्या करने की कोशिश बरसों से की जा रही है । उनके विपुल साहित्य को एक सिरे से खारिज़ करने की कवायद की तुलना आतंकवादी हमले से की जा सकती है । लेकिन अज्ञेय के लेखन की शक्ति है कि हमलों के बीच से वे फिर खड़े हो उठते हैं, बैसाखी के बगैर । हत्या की इस कोशिश के विरुद्ध कुछ कारगर आवाजें  हमेंसा उठती हैं लेकिन इसकी कोई जांच नहीं होती । रघुवीर सहाय की हत्या की कोशिश और पुरजोर ढंग से होती है । पहले पूछा जता है रघुवीर सहाय मार्क्सवादी हैं । हत्या की कोशिश के पहले रघुवीर सहाय को पढो तो सही । रघुवीर सहाय कहा करते थे कि वे आवाक हैं कि रघुवीर सहाय काम तो मार्क्सवादियों वाले करते हैं, लेकिन अपने आप को मार्क्सवादी नहीं कहते । अब रघुवीर सहाय से बढ़ कर जन कवि कौन हो सकता है जो मर तमाम लोगों को आगाह करते रहे कि हत्या होगी । जिस दिन दिनमान के संपादन से उन्हें विमुक्त कर दिया गया था उस दिन हमने कहाँ पूछा था कि एक नया मनुष्य बनाने के अभियान पर निकले एक कवि को  दिनमान से क्यों विमुक्त कर दिया गया । यह वही समय था जनता पार्टी की सरकार बिखर गयी थी, जय प्रकाश नारायण के संचालन में चले आन्दोलन अपने पराभव पर था और इंदिरा गाँधी की वापसी हो चुकी थी । समाज ने मान लिया कि वैचारिक विमर्श का समय ख़त्म हो गया और दिनमान को अस्त हो जाने दिया । दिनमान के पतन, दिनमान से रघुवीर सहाय का निष्कासन भी हमारे लिए आन्दोलन की वजह होना चाहिय था जो कि नहीं हुआ । क्या हमारी आखों के सामने हत्या होने के सदृश्य नहीं है यह ? अज्ञेय भी खूब पढ़े जा रहे हैं और रघुवीर सहाय भी । रघुवीर रचनावली अब उपलब्ध नहीं है, ऐसा बताते है। निर्मल वर्मा की भी हत्या की कोशिश हुई है जब उन्हें संघी कहा गया । 
रविन्द्र नाथ ठाकुर की हत्या की नई  कोशिश शुरू हो चुकी है । शुरुआत कन्नड़ लेखक गिरीश कर्नाड ने यह कह के किया कि ठाकुर के नाटक दोयम दरजे के हैं । अब  विष्णु खरे ने कहा है कि रविन्द्र नाथ ठाकुर को पढ़ता कोई नहीं है और उनका लेखन अंग्रेजी अनुवाद में दोयम दर्जे का लगता है । यह तो हद हो गई । विष्णु खरे से पूछा जाना चाहिए कि आखिरकार कौन से लेखक सच्चे मायने में पढ़े जाते हैं या पढ़े जा रहे हैं । किसी किताब की पांच सौ प्रतियां सरकारी खरीद के जरिय बेंच कर प्रकाशक हो रहे है मालामाल और लेखक वैसे के वैसे । विष्णु खरे, अशोक वाजपेयी, लीलाधर   जगूड़ी के मन में कहीं न कहीं यह कशक होगी ही  कि उनके लिए भी सुपारी दी गयी है तभी तो उनके साहित्यिक अवदान को तवव्जो जो मिलनी चाहिय मिल नहीं रही है। उदय प्रकाश तो घायल मन पड़े ही है। शिल्पायन सानिध्य में शामिल कविओं को तो भुन डालने की ही कोशिश की गयी थी । 

वार दोनों तरफ से हो रहे हैं । शीतयुद्ध के बाद वार का रूप आक्रामक हो गया है । सहनशीलता, सहिष्णुता, विराटता, उदारता तिरोहित हो रहे हैं । ऐसा क्यों हो रहा है शायद इसलिय कि दुनिया एकध्रुवीय हो गयी  है और साहित्य इस एकध्रुवीयता  के संकट को तो देख रहा है लेकिन इसकी ऐतिहासिक अनिवार्यता को स्वीकार करने से बच रहा है।    एकध्रुवीयता ने हमें स्वदेशी की परिभाषा को जानने समझने का एक अच्छा मौक़ा दिया है जिसको हम अपनी निरंतरता से जोड़  कर देख सकते हैं । रविन्द्र नाथ टैगोर ने इंसानियत की इसी निरंतरता के सौंदर्य को देखा और संगीतमय कविता में अभिव्यक्त किया जिसे सारे संसार में माना गया । वे ठाकुर थे, राजघराने से थे, रसूखदार लोगों का अंग्रेजी हुकुमत के साथ दोस्ती भी निभती थी  । वे इतने संपन्न थे कि वे अपनी रचना रसूखदारों के बीच ले कर जा सकते थे । 

मंगलवार, 5 फ़रवरी 2013

कुछ जज्बात मेरे भी-3

1.
मैं उससे बातें करती हूँ जब वो मेरे पास होती है
मेरे उद्वेलित होने पर पास आकर धीरे से
थाम लेती है मुझे
नहीं किरोलती मेरे दुःख को
नहीं करती खिलवाड़ मेरी भावनाओं से
मेरे दुःख पर हाथ फेरती है
दुखती रग पर नहीं
उस सागर से निकलती है
जिसमे मैं डूबना नहीं चाहती
मुझे हर डर से बचाती है
नहीं चाहिए मुझे वो भीड़
जो मुझे अकेला कर देता है
मैं खुश हूँ
अपनी तन्हाई से साया जो है वो मेरा
नहीं चाहिए वो भीड़
जहाँ मैं हो जाती हूँ अकेली
हाँ मेरी तन्हाई ही अब मेरा साया है
और मैं उससे ही बातें करती हूँ हमेशा

2.
जहाँ विश्वास हो वहां चमत्कार होता है
जहाँ चमत्कार होने लगे वहां से विश्वास पलायित होने लगता है
चमत्कार आँखों से दीखता है विश्वास दिल से
हम कहते हैं दिल की सुनो

3.
अनजाने में ही मैंने उससे पूछा
तुम्हे कहाँ जाना है भाई
उसने कहा , जहाँ की कोई खबर नहीं
मैंने फिर पूछा , तुम जानते हो किसी को वहां
उसने कहा , हाँ , जानता हूँ न
उन काले पत्थरों को जानता हूँ
उनमें सुलगती आग को जानता हूँ
उस आग में झुलसे बचपन को जानता हूँ
उनसे जले युवाओं के सब्र को जानता हूँ
जानता हूँ न ,क्यों नहीं जानता
उनकी उम्मीदों को जानता हूँ
उनके प्रतिरोध को जानता हूँ
क्या आप मुझे जानते हो
उसने मुझसे पूछा
और मै निरुत्तर हो गई           - अनीता  

 

सोमवार, 4 फ़रवरी 2013

कुछ जज्बात मेरे भी-2

1.
प्रासंगिक तो कुछ भी न था
फिर भी एक प्रसंग सा बन गया
नाउम्मीद तो कुछ भी न था
पर कहीं एक उम्मीद सी जगी
अन्याय के समंदर में
न्याय की एक शिला जरुर थी
वह शिला अहिल्या नहीं थी
जो राम के पावन स्पर्श के इंतजार में
जमी रही समंदर लहरों में भी
हाँ शायद वो डूबने से बचने का जरिया थी
आज वह शिला कितनी अहिल्याओं को देगा सहारा
और क्या बचा पायेगा लहरों से ?
क्यों ?
जी ,क्योंकि शिला ,अहिल्या नहीं ,
पर अहिल्या शिला जरुर बना दी जाती हैं
2.
उठो पार्थ गांडीव संभालो
ऐसा ही कहा था कृष्ण तुमने अर्जुन से महाभारत में
कहाँ हो कृष्ण ?
आज महाभारत है
ध्रितराष्ट्र भी हैं जो संजय की आँखों से देखते है
हाँ कोरवों की सेना पूरी है संख्या में
पांडव भी अपनी गिनती के हैं जो धर्मराज से वचनबद्ध हैं
अश्वथामा, द्रोण गुरु ,मजबूर है
कृष्ण नहीं हैं आज
पर भीष्म पितामह आज भी हैं पर
प्रतिज्ञाबद्ध ।
3.
रिश्तों की कसमसाहट को मैंने भी महसूस किया है
कभी वो रिश्ता हमें अपने साये में महफूज़ रखता है
कभी हमें निर्वस्त्र कर देता है
हाँ रिश्ते आजकल वस्त्र की तरह होते जा रहे हैं
पर मैले होने पर बेदाग नहीं हो सकते वस्त्र की तरह
जब हमें उसकी कसमसाहट से घुटन होने लगती है
हम उसका दायरा बढ़ाने के बजाय बदल देते हैं वस्त्र की तरह
और डाल लेते हैं अपने ऊपर मज़बूरी का एक मोटा जामा
खुद को बचाए रखने के लिए
क्योंकि रिश्तों की गर्माहट कम होने लगी है
4.
आकृतियाँ बनती हैं बिगड़ने के लिए
आकृति को बिगड़ने से बचाना है
अपनी मनचाही आकृति हम खुद बनाते हैं
और उसमे अनचाहा रंग भर देते हैं
एक आकृति मैंने भी बनाई थी
उसमे सारे रंग भर दिए थे
तभी वह सफ़ेद हो गया
कहते हैं सारे रंगों का मेल
एक ऐसा रंग देता है
जो बेरंग होता है
अब आकृतियाँ तो बनती हैं
पर उसमे रंग भरने से डरती हूँ
5.
निस्तब्ध थी वो रात
बेचारगी से भरी थी दुनिया
मन का खुद से हो रहा था प्रतिरोध
और भस्म हो रहा था विश्वास
कहीं किसी ओर नहीं था कोई प्रतिकार
सन्नाटे चीर कर आई एक चीत्कार
और हो गयी फिर कोई और एक ममी में तब्दील     -अनीता