सोमवार, 4 फ़रवरी 2013

कुछ जज्बात मेरे भी-1

1
जज्बात दिल में न हों
तब उसकी यादें ,न तो मीठी होती है न कड़वी
फिर उसकी दिल में क्या जगह
पर उसे दिल से निकाल कर
दिमाग के किसी कोने में बंद कर देना चाहिए
ताकि दिल को कोई तकलीफ न हो ,
पर दिमाग में वह एक सोच की तरह हो
वह सोच जो हमें कुछ ताकीद करें
2
लगता है एक पल कोई रिश्ता बनाने में
मुश्किलें आती हैं मगर दूर तलक उसे ले जाने में
वादा करते तो हैं ता:उम्र उसे निभाने का
टूट जाते हैं मगर रिश्ते जाने अनजाने में
आता क्यूँ है कोई अपना बन कर दिल के करीब
जब होती है मुश्किल एक गलती भी भुलाने में
खैर अच्छा किया तोड़ दिया भ्रम मेरा
सोचती थी की हूँ अच्छी रिश्ते निभाने में
टूटे रिश्ते तो चुभते तो होंगे उन्हें
मेरा दिल अकेला ही तो ऐसा नहीं ज़माने में

किसी रोज एक क्षण गुजर जाता
शायद आता
पर आता तो सही
छोड़ जाता कुछ मधुर यादें
पर ,आता तो सही

दो जानने वाले अजनबी
अनजान रहे
पाता ही न चला
साथ रहकर भी अकेले रहे
सानिध्य की तलाश में
इक दूजे को दूंदते हुए
खो गए एक दूजे में नहीं

वक्त के कुछ पलों की गुजारिश है
मुश्किलों के साथ चलने की हमें ख्वाहिश है
जिंदगी हम कुछ इस तरह से जीते हैं कि
हर पल हौसलों की अजमाइश
चलकर गिरना ,गिरकर संभल जाना है
क्या फिर से गिरने की गुंजाइश है
हाँ जीवन की यह भी एक नुमाइश है       -अनीता 

गुरुवार, 10 जनवरी 2013

नारे आवाजें और मोमबत्तियां-मिथिलेश श्रीवास्तव

29 दिसम्बर ,2012 शनिवार था और वह दिन अकादमी आफ फ़ाईन आर्ट्स एंड लिटीरेचर के बहुप्रशंसित मासिक साहित्यिक कार्यक्रम डायलाग का था।रघुवीर सहाय की स्मृति को समर्पित इस स कार्यक्रम में आज के समय में उनकी प्रासंगिकता पर परिचर्चा होनी थी और उनकी कविताओं का वाचन होना था। तबतक देश दामिनी के साथ हुए दर्दनाक हादसे के शोक में डूब चुका था। हम सब उस हादसे को ऐसे महसूस कर रहे थे जैसे दामिनी हमारी बेटी है और वह हादसा हमारे घर में ही घटित हुआ है । न भूख लग रही थी, न नींद आ रही थी, न दिल में नए साल के आगमन का हुलास था। टेलीविजन खोलकर दामिनी के ठीक होने की खबरें जानने के लिए बैठे रहते। उस दिन सुबह से सैकड़ों फोन आ चुके कि क्या डायलाग में रघुवीर सहाय की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम होगा। त्रिनेत्र जोशी का पहला फोन आया। लगभग सिसकते हुए त्रिनेत्र जोशी ने पूछा कि क्या यह कार्यक्रम होना चाहिए। मंगलेश डबराल का फ़ोन आया, क्या आज कार्यक्रम होगा। संजय कुंदन, प्रियदर्शन, उपेन्द्र कुमार, लीलाधर मंडलोई और कई अनेक साहित्यकार मित्रों ने फोने करके यही प्रश्न पूछा। उनके सवाल करने के पीछे भावना यही थी कि जब देश शोक में डूबा हो और दामिनी के ठीक होने के लिए प्रार्थना कर रहा हो ऐसे में इस कार्यक्रम को स्थगित कर देना चाहिय । सब लोग शोक संतप्त से थे। मैंने सबसे कहा कि कार्यक्रम होगा। आप सब आयें। रघुवीर सहाय और उनकी कविता व्यवस्था विरोध का ही दूसरा नाम है। हम उनकी कविताएँ पढ़कर और उनको यादकर अपना आज विरोध प्रकट करेंगे। क्रूर और नृशंस होते जा रहे समाज, सरकार, व्यवस्था, पुलिस, राजनीति और उस आदमी के जो हम बना रहे हैं के प्रति हम अपना विरोध और रोष प्रकट करें। मेरे ऐसा कहने पर कार्यक्रम होने देने के लिए सब तैयार हुए और आखिर में वह कार्यक्रम एक शोक सभा और विरोध प्रदर्शन में बदल गया। कई पीढ़ियों के लगभग सत्तर कवि लेखक थे जिन्होंने अपना रोष प्रकट किया । रघुवीर सहाय की एक कविता पढ़ी जाती और विरोध का प्रदर्शन होता । कविता पढ़ने के पहले हहर कवि-वाचक अपने वक्तव्य में उस घटना की निंदा करता और पुलिस और व्यवस्था के विरोध में बोलता। लेकिन यह व्यवस्था विरोध यहीं नहीं हुआ बल्कि देश का हर घर व्यवस्था विरोध की जगह में बदल चुका था। हर परिवार अपने बैठक में टेलीविजन के चौबीस घंटे वाला समाचार चैनल खोलकर बैठा रहा और पल पल की अपनी प्रतिक्रिया से सरकार और व्यवस्था का विरोध कर रहा था। उनकी दुआओं में दामिनी थी उनकी शुभकामनाएं दामिनी के लिए थीं। वे चाहते थे कि सरकार दामिनी के इलाज और उसे बचाने में कोई कोताही नहीं बरते। डाक्टर कोई ढिलाई नहीं बरतें। साधनों की कमी न हो। दामिनी तो बचायी नहीं जा सकी लेकिन अब लोग आज भी इस बात के लिए प्रार्थनारत हैं कि उसे न्याय मिले, अपराधियों को जल्द से जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिले। व्यवस्था, पुलिस, सरकार चेते और अपने दायित्व का सही निर्वाह करे। हम जो आदमी बना रहे हैं उसे और अच्छे से बनायें। 

दरअसल कार्यक्रम का होना या न होना यहाँ महत्वपूर्ण नहीं है बल्कि यह जान लेना शुकून देनेवाला था कि समाज का हर तबका इस दुख में अपने आपको शामिल पा रहा था और परिवर्तन की आकांक्षा से भर गया था। लेखक भी इसी समाज में रहता है और एक साधारण सामाजिक प्राणी की तरह उस दुःख में शामिल था और हर उत्सव का प्रतिकार और वहिष्कार कर रहा था और कर देना चाहता था। यह पहली बार हुआ कि इस घटे को सारे देश ने अपने घर में घटा हुआ महसूस किया। कई परिवारों में तो टेलीविजन इसलिय देखा जा रहा था ताकि पल पल की खबर मिलती रहे। 

राजपथ पर युवाओं जिनमें संतानवे प्रतिशत छात्र थे, को देखकर 1975 का बिहार का छात्र आन्दोलन याद आ रहा था । वह एक आन्दोलन था जिसे छात्रों ने अंजाम दिया था। आज के आन्दोलन में भी हमारे बच्चे हिस्सा ले रहे थे। हमारे युवाओं के प्रति जो यह धारणा बनने लगी थी कि वे बाजार परस्त हो गए हैं, मौजमस्ती में ही रहने वाले हो गए हैं, परिवार, समाज और राजनीति से विमुख होते जा रहे हैं अचानक इस आदोलन की वजह से टूट गई। हमारे बच्चों में विरोध करने की आकांक्षा भी है, ताकत भी है। दुःख को महसूस करने की संवेदना भी है। पानी की बौछारें वे सह सकते हैं, लाठियों की मार से उनकी हड्डियाँ टूटती नहीं। सरकार और पुलिस उनके हौसले तोड़ नहीं सकते। वे अपनी आखों से अपने देश, समाज, परिवार और लोगों को देख रहे हैं। हमारे बच्चों ने हमें यतीम हो जाने के लिए छोड़ नहीं दिया है। यह आन्दोलन एक बच्ची के साथ हुए हादसे के लिए संघर्ष कर रहा था । अगर यह आन्दोलन जोर नहीं पकड़ता तो अस्पताल से लेकर पुलिस प्रसाशन तक उस बच्चे के साथ लापरवाही भरे बर्ताव करता। इतना ही नहीं यह आदोलन सारे प्रशासनों की जड़ और संवेदनाविहीन प्रवृतियों के विरुद्ध भी एक जायज और सार्थक आवाज थी । हम सब इस आन्दोलन में शरीक हैं। हमारे बच्चों के नारे, उनकी मोमबत्तियों से निकली हुई रोशनियाँ, उनके विरोध की आवाजें ही हमें बचाए रखेगीं।

गुरुवार, 27 दिसंबर 2012

धूप में सीढ़ियों पर- मिथिलेश श्रीवास्तव

पांच बरस बहुत बरस होते हैं । हिंदी के सुप्रसिद्ध बहुचर्चित सर्वस्वीकृत कवि रघुवीर सहाय की एक कविता की पंक्ति है और वह भारतीय राजनीति की तस्वीर दिखाने वाले आईने सरीखी है । यह कविता आपातकाल के बाद के किसी समय में कभी लिखी गयी होगी। रघुवीर सहाय अपने समय के आगे के समय की राजनीति और समाज को साफ़ साफ़ देखने वाले कवि हैं। पिछली शताब्दी के आखिरी दशक में भारतीय राजनीति का एक ऐसा दौर शुरू होता है जहां राजनितिक दलों में पांच बरस और पांच बरस फिर और पांच बरस के लिए सत्ता में बने रहने की होड़ सी लग गयी और सत्ता में बने रहने के दौरान कुछ नहीं करने की प्रवृति भी उनमे में आ गयी। पांच बरस के बाद पांच बरस और जनता से मांगने की कुप्रवृति राजनितिक रणनीति के रूप में देखने में आई। इसका आभास रघुवीर सहाय की कविता में मिलता है। रघुवीर सहाय आज होते तो जरूर कहते अब किसी दल को पांच बरस नहीं मिलने चाहिय ।

रघवीर सहाय सर्वस्वीकृत कवि इसलिय थे कि उनकी स्वीकृति वामपंथियों में उतनी ही थी जितनी दूसरे पंथियों के बीच थी। अपने बाद की पीढ़ी लेकिन समकालीन कवियों के बीच वे काफी लोकप्रिय रहे जबकि उनमें से अधिकांश वामपंथी थे और उन पर उनका प्रभाव भी गहरा था । वर्तमान राजनीतिक हालात और मार तमाम लोगों की दुर्दशा के समय में रघुवीर सहाय अत्यंत प्रासंगिक हैं। उनकी नजर क्रूर होती सत्ता के चरित्र, लोकतंत्र का माखौल बनाते राजनीतिज्ञों, समाज में बिचौलियों के बढ़ते दब-दबे को देख रही थीं। दिक्कत यह है कि यह समाज अपने साहित्य से रचनात्मक संबंध बनाने के लिए उद्धत होता दिखाई नहीं देता। आदमी के बनने की प्रक्रिया को बदल देने की आकांक्षा उनकी कविता में में देख सकते हैं। दुःख को रोज सहने की विवसता उनकी कविता हमें दिखाती है।

9 दिसम्बर, 1929 के रोज उनका लखनऊ में उनका जन्म हुआ था और 30 दिसम्बर, 1960 की शाम दिल्ली के प्रेस एन्क्लेव वाले उनके फ्लैट में उनका देहांत हुआ। उस दिन वे साठ साल इक्कीस दिन के थे दीर्घआयुता के इस जमाने में साठ साल में मरना अल्पायु में ही मरना कहेंगे। सीढ़ियों पर धूप में, आत्महत्या के विरुद्ध , हँसो हँसो जल्दी हंसो, लोग भूल गए हैं और कुछ पते कुछ चिठियाँ उनके पांच कविता संग्रह हैं जिनके बारे में वे खुद कहा करते थे कि वे पांच छलांगे हैं। अपनी कविता के महत्त्व को वे समझते जानते थे। पत्रकारिता का प्रमाणिक और विश्वसनीय रूप हमारे सामने रखा, भाषा और खबरों दोनों की विश्वसनीयता। उन दिनों उनके संपादन में निकल रहा दिनमान हमारे लिए बौधिक प्रतिष्ठा का प्रतिक था। जो युवा या छात्र दिनमान नहीं पढ़ता उसे बौधिक रूप से पिछड़ा मान लिया जाता । अंग्रेजी की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं से होड़ ले रहा था दिनमान। दिनमान का संपादन रघुबीर सहाय ने लगभग तेरह वर्षों तक लगातार किया । 

रघुवीर सहाय भीतर से लोकतांत्रिक आलोक से आलोकित थे। इस देश में समता और समाजवाद स्थापित हो, हर तबके के लोग खुशहाल हों, लोग लोकतंत्र को महसूस करें, समाज परिवार राजनीति से पाखंड दूर हो यही उनका लोक दर्शन था। वे पूंजीवादी नहीं थे, मार्क्सवादी भी नहीं थे। उनकी विचारधारा को लेकर लोगों में भ्रम रहता है। वे कहते थे, " लोग कहते हैं कि मैं मार्क्सवादी नहीं हूँ लेकिन यह भी कहते हैं कि मेरा काम मार्क्सवादियों ज़रा सा भी कम नहीं है।" पुरातनपंथी परिभाषा के तहत कहा जाता है कि मार्क्सवादी वही है जो संगठन के लिए काम करत्ता है । यह परिभाषा अब जड़ हो चुकी है। जो उपेक्षित दबे कुचले हाशिय पर धकेल दिए गए समाज के अंतिम आदमी की आवाज को पहचानता और शब्द देता है वही मार्क्सवादी है।आने वाले संकट को पहचान लेने की अदभूत क्षमता थी। ' हँसों हँसों जल्दी हंसों' संग्रह की कविताओं के बारे में यह भ्रम होने लगत्ता है कि वे आपातकाल के दौरान लिखी गई होगीं। इस संग्रह में 1967 से लेकर 1974 के बीच लिखी गई कविताएँ हैं। आपातकाल का भान कवि को हो चुका था। यह वही समय है जब आदमी को यह सबूत देना पड़ता कि वह शर्म में शामिल है। ' ऐसे हंसों कि बहुत खुश न मालूम हो/ वरना शक होगा कि यह शख्स शर्म में शामिल नहीं /और मारे जाओगे ।' रघवीर सहाय लिखते हैं कि आपातकाल के दौरान उन्होंने कोई कविता नहीं लिखी।

रघुवीर सहाय कि कविता के बारे में एक विवाद यह भी है कि ' इसमें काव्य नहीं अखबारी कतरनें हैं।' रघुवीर सहाय ने खुद यह कहकर इसका प्रतिवाद किया कि अखबार में लिखना या खबरनवीसी करना अपनी भाषा उतना ही रचनात्मक है जितना कविता करना । अज्ञेय ने रघवीर सहाय के बारे में लिखा है कि वे चट्टानों पर नाटकीय मुद्रा में बैठने का मोह छोड़ साधारण घरों की सीढियों पर धुप में बैठकर प्रसन्न हैं। 

गुरुवार, 6 दिसंबर 2012

आत्महत्या के विरुद्ध - रघुवीर सहाय


भीड़ में मैकू और मैं - रघुवीर सहाय





अधिनायक-रघुवीर सहाय


स्वाधीन व्यक्ति-रघुवीर सहाय